सीएम धामी के निर्देशों पर पौड़ी में अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज, कई क्षेत्रों से हटाए गए अवैध कब्जे

पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सरकारी भूमि के संरक्षण, सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा तथा विकास कार्यों के लिए उपलब्ध भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के दिए गए निर्देशों के क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल में प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में विभिन्न तहसीलों में राजस्व अभिलेखों का सत्यापन, स्थलीय निरीक्षण तथा चिन्हित अतिक्रमणों के निष्पादन की कार्रवाई लगातार जारी है।

इसी क्रम में तहसील यमकेश्वर अंतर्गत गरुड़ चट्टी से लक्ष्मणझूला तक जिला प्रशासन एवं नगर पंचायत स्वर्गाश्रम के संयुक्त दल द्वारा विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक भूमि एवं मार्ग क्षेत्र में किए गए 13 अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। कार्रवाई के माध्यम से क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने तथा सार्वजनिक परिसंपत्तियों के संरक्षण को सुनिश्चित किया गया।

तहसील लैंसडाउन के ग्राम सुराड़ी स्थित गमूरों तोक में राजस्व विभाग द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान राजकीय भूमि पर किए गए दो अवैध कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान एक स्थान पर अस्थायी स्टोरनुमा ढांचा तथा दूसरे स्थान पर की गई तारबाड़ को हटाकर भूमि को मूल स्वरूप में बहाल किया गया। प्रशासन की पहल पर संबंधित व्यक्तियों द्वारा भी सहयोग प्रदान किया गया।

वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-534 के दुगड्डा बाजार क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और यातायात सुगमता के दृष्टिगत संयुक्त अभियान चलाया गया। पूर्व में चिन्हित एवं नोटिस प्राप्त अतिक्रमणों के विरुद्ध विभागीय टीमों ने कार्रवाई करते हुए मार्ग क्षेत्र में स्थापित अस्थायी संरचनाओं को हटाया। अभियान में लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग तथा पुलिस प्रशासन की संयुक्त सहभागिता रही।

कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में भी अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। नगर निगम, प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान 12 चिन्हित अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। अभियान के तहत सार्वजनिक मार्गों एवं आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहे अस्थायी ढांचों को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया गया। 

नगर पालिका परिषद पौड़ी क्षेत्र में भी सार्वजनिक मार्गों को व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से पोस्ट ऑफिस से बस स्टेशन तक विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। इससे आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों की उपयोगिता भी बढ़ी है।

वहीं, तहसील रिखणीखाल के ग्राम जामरी में भी राजस्व भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि राजकीय भूमि का संरक्षण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में नियमित कार्रवाई जारी रहेगी।

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने, राजस्व भूमि का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने तथा नए अतिक्रमणों की रोकथाम के लिए सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि जनहित की संपत्ति है और इसके संरक्षण के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है।

अभियान में राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन एवं संबंधित नगर निकायों के अधिकारी-कर्मचारियों की संयुक्त सहभागिता रही। सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रभावी ढंग से संपादित की गयी।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

दुर्गापुर-सिम्बलचौड़ में 73 लोगों की एक्स-रे स्क्रीनिंग, जागरूकता शिविर आयोजित

Sun Jun 14 , 2026
कोटद्वार : राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा विकासखंड दुगड्डा के उच्च जोखिम क्षेत्र दुर्गापुर-सिम्बलचौड़ में विशेष जागरूकता एवं टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को क्षय रोग (टीबी) के लक्षणों, बचाव, समय […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!