पाबौ के खुड़डेश्वर मैदान में जल उत्सव-2026 का शुभारंभ

पाबौ : विकासखंड पाबौ के खुड़डेश्वर मैदान में स्प्रिंग एण्ड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (सारा), उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय जल उत्सव-2026 का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने जल संरक्षण एवं प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण में जनभागीदारी को आवश्यक बताया। कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया तथा वृक्षारोपण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड के पारंपरिक जल स्रोत, नदियां, गाड़-गदेरे, नौले और धारे राज्य की महत्वपूर्ण प्राकृतिक संपदा हैं। उन्होंने कहा कि बदलती जलवायु परिस्थितियों और बढ़ती जल आवश्यकताओं को देखते हुए जल स्रोतों का संरक्षण और पुनर्जीवन आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन का कार्य कर रही है। साथ ही स्थानीय समुदायों, महिला समूहों और युवाओं की भागीदारी से इन प्रयासों को और प्रभावी बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के बाद मंत्री ने खुड़डेश्वर खेल मैदान के समीप आयोजित स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया और लोगों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

इस दौरान उन्होंने वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक है तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, डिप्टी डायरेक्टर सारा अजय कुमार सोनकर, तहसीलदार जे.आर. गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

टिहरी में SIR 2026 में बीएलओ दीपा एवं सुमन देवी का उत्कृष्ट प्रदर्शन, निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण किया गणना प्रपत्र वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य

Wed Jun 17 , 2026
टिहरी : विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल में बूथ स्तर पर कार्यरत कार्मिकों द्वारा मतदाता सत्यापन एवं गणना प्रपत्र वितरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत तहसील नैनबाग की बीएलओ दीपा एवं सुमन देवी द्वारा […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!