लाइब्रेरी में गोलीबारी, दो की मौत, 18 वर्षीय युवक गिरफ्तार

कैलिफोर्निया। अमेरिका के उत्तरी कैलिफोर्निया स्थित एक सार्वजनिक पुस्तकालय में सोमवार शाम हुई गोलीबारी की घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची घायल हो गई। पुलिस ने मामले में 18 वर्षीय संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

चिको पुलिस विभाग के अनुसार यह घटना सोमवार शाम करीब पांच बजे चिको शहर स्थित ब्यूट काउंटी लाइब्रेरी में हुई। गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पुस्तकालय के पिछले दरवाजे से भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान 18 वर्षीय ब्रैडली स्कॉट सायर के रूप में की है। उस पर दोहरे हत्या का मामला दर्ज कर ब्यूट काउंटी जेल में रखा गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित रूप से अमेरिका के कुख्यात कोलंबाइन स्कूल नरसंहार से प्रेरित था और उसी तरह की सामूहिक हिंसा को अंजाम देना चाहता था।

चिको पुलिस प्रमुख बिली एल्ड्रिज ने बताया कि आरोपी किसी भी पीड़ित को पहले से नहीं जानता था। जांच के दौरान यह भी पता चला कि उसने कोलंबाइन नरसंहार के आरोपी एरिक हैरिस की तरह कपड़े पहन रखे थे। पुलिस को संदेह है कि वह इंटरनेट पर सामूहिक हत्यारों का महिमामंडन करने वाले ऑनलाइन समूहों से प्रभावित था।

पुलिस के अनुसार हमलावर ने करीब आठ राउंड फायरिंग की। गोलीबारी में 74 वर्षीय रॉबर्ट जॉनसन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 46 वर्षीय कोडी हल को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोडी हल अपनी एक मित्र की बेटी को लाइब्रेरी घुमाने लेकर आए थे। घटना में उनके साथ मौजूद एक बच्ची कांच के टुकड़े लगने से मामूली रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

जांच के दौरान पुलिस ने लाइब्रेरी परिसर से एक शॉटगन बरामद की है। इसके अलावा आरोपी की कार से दो अन्य हथियार भी मिले हैं। घटना के बाद एहतियातन ब्यूट काउंटी लाइब्रेरी की सभी शाखाओं को मंगलवार के लिए बंद कर दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी के उद्देश्य तथा संभावित संपर्कों की पड़ताल की जा रही है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

श्रीराम मंदिर चढ़ावे में अनियमितताओं की न्यायिक जांच की मांग, कांग्रेस ने भाजपा-आरएसएस पर साधा निशाना

Wed Jun 24 , 2026
देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे और वित्तीय अनियमितताओं के कथित मामलों को लेकर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं न्यायिक जांच की मांग की है। राजीव भवन, देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!