मसूरी मेट्रो रोपवे परियोजना को मिली रफ्तार, प्रस्तावित टर्मिनल स्टेशनों का स्थलीय निरीक्षण

मसूरी : पर्यटन नगरी मसूरी में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या और बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के उद्देश्य से प्रस्तावित मसूरी मेट्रो रोपवे परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने उत्तराखण्ड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन, जिला प्रशासन, नगर पालिका मसूरी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित रोपवे टर्मिनल स्टेशनों और संबंधित भूमि का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के दौरान परियोजना की तकनीकी व्यवहार्यता, पर्यावरणीय संतुलन और यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार की अगुवाई में अधिकारियों की टीम ने मसूरी के लाइब्रेरी चौक में संबंधित अधिकारियों से प्रस्तावित रोपवे परियोजना की विस्तृत जानकारी ली। 

अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित रोपवे का मार्ग लाइब्रेरी चौक क्षेत्र से होकर गुजरेगा, जिसके मद्देनजर परियोजना से संबंधित आवश्यक भूमि और अन्य व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया। सचिव आवास ने मौके पर उपलब्ध भूमि की संभावनाओं का आकलन करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान परियोजना के तकनीकी पहलुओं और भविष्य की आवश्यकताओं पर भी चर्चा हुई। 

इसके बाद  सचिव आवास के नेतृत्व में टीम ने पिक्चर पैलेस (चिक चॉकलेट) तथा GMVN (मॉल रोड) के निकट प्रस्तावित रोपवे टर्मिनल स्टेशन के संभावित स्थानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यात्रियों की आवाजाही, पहुंच मार्ग, सुरक्षा, तकनीकी व्यवहार्यता तथा यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

निरीक्षण के अगले चरण में अधिकारियों ने INI डिस्पेंसरी एवं भनौत एस्टेट क्षेत्र की प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया। इसके बाद नहाटा एस्टेट (लाल टिब्बा) में प्रस्तावित अपर रोपवे टर्मिनल स्टेशन के आसपास स्थित क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया। 

सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेशन के लिए अधिक सुरक्षित एवं उपयुक्त वैकल्पिक स्थान का चयन करते हुए जियो-टेक्निकल अध्ययन के आधार पर नया प्रस्ताव तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न न हो।

मसूरी मेट्रो रोपवे परियोजना के क्रियान्वयन से पर्यटन सीजन में लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को सुरक्षित, तेज, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। परियोजना के पूरा होने से पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलने की संभावना है।

सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार उत्तराखण्ड में आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मसूरी मेट्रो रोपवे परियोजना पर्यटन नगरी में बढ़ते यातायात दबाव का दीर्घकालिक समाधान उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

निरीक्षण दल में उत्तराखण्ड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के MD ब्रिजेश कुमार मिश्रा, SDM मसूरी राहुल आनंद, JGM (सिविल) जय नंदन सिन्हा, नगर पालिका मसूरी के अधिशासी अधिकारी  श्री गौरव भसीन, रेंज अधिकारी महेंद्र नेगी, प्रबंधक सिविल अभिषेक त्यागी, सेक्शन इंजीनियर सौरभ पटवाल, अशोक डोभाल, वरिष्ठ सर्वेयर कुंदन सिंह अधिकारी तथा  हरिओम सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कोटद्वार : सुखरौ नदी के कटाव प्रभावित क्षेत्र का विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने किया निरीक्षण

Sat Jul 4 , 2026
कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखण्ड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने आज कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के ध्रुवपुर क्षेत्र में सुखरौ नदी द्वारा किए जा रहे कटाव की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना तथा सिंचाई विभाग एवं वन […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!