डीएम स्वाति एस. भदौरिया की पहल, अब हर माह की 5 तारीख को गांव में बैठेंगे पंचायत प्रशासक

  • डांगी के ग्रामीणों को पंचायत संबंधी कार्यों के लिए नहीं काटने पड़ेंगे ब्लॉक मुख्यालय के चक्कर, पंचायत भवन में ही सुनी जाएंगी समस्याएं; कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण

पौड़ी। ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने और गांवों में जनसुविधाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने पहल की है। विकासखंड कल्जीखाल की ग्राम पंचायत डांगी में अब प्रत्येक माह की 5 तारीख को पंचायत प्रशासक पंचायत भवन में उपस्थित होकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे। इस व्यवस्था से ग्रामीणों को पंचायत से जुड़े छोटे-बड़े कार्यों के लिए ब्लॉक मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित पहली बैठक में ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं रखीं, जिनमें जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और पंचायत संबंधी कुछ कार्यों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

पेंशन, सोलर लाइट और जंगली जानवरों से सुरक्षा के मुद्दे उठे

पंचायत भवन डांगी में प्रशासक की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल एवं संशोधन, किसान पेंशन, सोलर लाइट, स्वच्छता के तहत झाड़ियों की कटाई, जंगली जानवरों से सुरक्षा और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के रिक्त पदों को भरने सहित विभिन्न मांगें रखीं। इनमें जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य पंचायत संबंधी कार्यों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर कार्रवाई का भरोसा दिया गया।

हर माह गांव पहुंचेंगे पंचायत प्रशासक

प्रशासक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वह प्रत्येक माह की 5 तारीख को पंचायत भवन में नियमित रूप से उपस्थित रहेंगे। इस दौरान ग्रामीण अपनी समस्याएं और पंचायत से संबंधित कार्य उनके समक्ष रख सकेंगे। इससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।

प्रधान पद रिक्त होने पर एडीओ पंचायत को सौंपी गई जिम्मेदारी

ग्राम पंचायत डांगी में प्रधान पद रिक्त होने के कारण पंचायत का कार्यभार प्रशासक के रूप में सहायक विकास अधिकारी पंचायत अरुण रावत को सौंपा गया है। यहां ओबीसी महिला आरक्षित वर्ग के अंतर्गत प्रधान पद रिक्त चल रहा है। इसी वजह से पंचायत के नियमित कार्यों और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासक की व्यवस्था की गई है।

जनता दर्शन में मिली शिकायत के बाद डीएम ने उठाया कदम

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि जनता दर्शन कार्यक्रम में ग्राम डांगी में प्रधान पद रिक्त होने और ग्रामीणों को आ रही परेशानियों के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के साथ गांव में विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से एडीओ पंचायत को प्रशासक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्राप्त शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

ग्रामीणों ने डीएम का जताया आभार

बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी और अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रशासक की नियमित उपस्थिति से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं गांव में ही रखने और उनका समाधान कराने की सुविधा मिल रही है।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी रजनीश सुंदरियाल, पूर्व प्रधान भगवान सिंह चौहान, वीर सिंह चौहान, वन पंचायत सरपंच मीना देवी, दमयंती देवी, कांति देवी, पुष्पा देवी, ग्राम पंचायत सदस्य वृंदा रावत सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

23 साल बाद फिर चर्चा में जैनी प्रकरण, बेटे की पहचान के लिए दोबारा डीएनए जांच की मांग, DGP को सौंपी शिकायत

Sun Nov 8 , 2026
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में करीब 23 वर्ष पहले बड़ा विवाद खड़ा करने वाला जैनी प्रकरण एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। शनिवार को देहरादून पहुंचीं जैनी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच कराने की […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!