बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों पर फिर भड़की आग, स्काई शॉट पटाखे से आग लगने की आशंका

चमोली। भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों पर जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। शनिवार देर शाम बदरीनाथ धाम के बामणी वन पंचायत क्षेत्र में एक बार फिर आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और पहाड़ियों से उठता धुआं आसपास के क्षेत्र में फैल गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

अलकनंदा वन प्रभाग की प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) प्रियंका भी घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने के अभियान का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वन विभाग की टीम ने रात करीब 9:30 बजे से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

डीएफओ प्रियंका के अनुसार, बदरीनाथ धाम के बामणी वन पंचायत क्षेत्र में स्काई शॉट पटाखे के कारण आग लगने की घटना सामने आई थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। उन्होंने स्वयं भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।

गौरतलब है कि इन दिनों बदरीनाथ धाम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में धाम की पहाड़ियों पर बार-बार आग लगने की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों ने इन घटनाओं पर चिंता जताते हुए वन विभाग और प्रशासन से निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। साथ ही आग लगने की घटनाओं की गंभीरता से जांच करने और जानबूझकर आग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई है।

वन विभाग की श्रद्धालुओं से अपील

वन विभाग ने दीपावली के दौरान आतिशबाजी करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। डीएफओ प्रियंका ने कहा कि पर्यावरण और वन संपदा की सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आतिशबाजी या किसी भी तरह की लापरवाही से जंगलों में आग लगने का खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने लोगों से ऐसी गतिविधियों से बचने और प्राकृतिक संपदा को सुरक्षित रखने में वन विभाग का सहयोग करने की अपील की।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सलमान खान की ‘मातृभूमि’ के ट्रेलर लॉन्च पर दिखा देशभक्ति और जज़्बे का दमदार संगम

Tue Nov 10 , 2026
भव्य आयोजन के साथ जारी हुआ 4 मिनट 43 सेकंड का धमाकेदार ट्रेलर। 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म! मुंबई: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान की बहुप्रतीक्षित देशभक्ति से ओतप्रोत वॉर ड्रामा फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ (Maatrubhumi: May War Rest in Peace), जिसका नाम पहले […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!