खाद्य सुरक्षा को लेकर डीएम स्वाति एस. भदौरिया की सख्ती, सैंपलिंग लक्ष्य शीघ्र पूरा करने, मिलावटखोरों पर कड़ी कार्रवाई व मोबाइल लैब स्थापित करने के निर्देश

  • सुरक्षित भोजन एवं स्वस्थ आहार पर मंथन : जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित

पौड़ी : बुधवार को जनपद मुख्यालय स्थित जिला सभागार में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में खाद्य संरक्षा विभाग द्वारा जिला स्तरीय सलाहकार समिति (सुरक्षित भोजन एवं स्वस्थ आहार) की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जनपद में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, जनस्वास्थ्य की सुरक्षा तथा गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गयी।

बैठक के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी.सी. जोशी द्वारा जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत की गयी विभिन्न प्रवर्तन कार्यवाहियों, सैंपलिंग, निरीक्षण तथा जागरुकता अभियानों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।

जिलाधिकारी ने सैंपलिंग के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में कमी पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य को शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने रुद्रपुर स्थित राजकीय प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने में हो रही देरी पर भी गंभीरता जतायी और संबंधित प्रयोगशाला को पत्राचार कर रिपोर्ट समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जनपद स्तर पर खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित करने की संभावनाओं का परीक्षण करने के निर्देश भी दिए, ताकि जांच प्रक्रिया को और अधिक त्वरित एवं प्रभावी बनाया जा सके और मिलावटखोरों में कड़ी कार्रवाई का भय उत्पन्न हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख़्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि ‘ईट राइट कैंपस’ अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों, प्राथमिक विद्यालयों एवं अन्य सरकारी संस्थानों को खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत अनिवार्य रूप से पंजीकृत किया जाए। उन्होंने विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध त्वरित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खाद्य पदार्थों की मौके पर ही जांच सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी ने मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता की तत्काल जांच कर शीघ्र परिणाम प्राप्त किए जा सकें तथा आवश्यकतानुसार कार्रवाई संभव हो सके।

बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के पौड़ी, श्रीनगर तथा कोटद्वार क्षेत्र में स्थित स्लॉटर हाउस को एक माह के भीतर संचालित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जहां स्लॉटर हाउस अभी तक स्थापित नहीं हैं, वहां आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण की जाए। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला, पुलिस क्षेत्राधिकारी तुषार बोरा, जिला शिक्षाधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका पौड़ी संजय कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी आशा रावत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मोटर मार्गो के लैण्ड क्लियरेंस एवं मुआवजा वितरण के लंबित प्रकरणों को अभियान चलाकर निस्तारित करें अधिकारी – डीएम स्वाति एस. भदौरिया

Thu Mar 26 , 2026
पौड़ी : जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में सड़क निर्माण से जुड़े विभागों की लंबित भूमि संबंधी आपत्तियों एवं मुआवजा प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने जनपद में सड़क निर्माण कार्यों को गति देने हेतु भूमि संबंधी आपत्तियों एवं मुआवजा वितरण प्रकरणों को लक्षित […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!