पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एडवेंचर पार्क में जोड़ी जाएंगी एडवेंचर एक्टिविटीज

पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल में पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने लैंसडाउन क्षेत्र अंतर्गत पालकोट में प्रस्तावित एडवेंचर पार्क की भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्क के समग्र विकास की संभावनाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि प्रस्तावित इको पार्क को एक आधुनिक एवं आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें पर्यटकों के लिए विभिन्न साहसिक एवं मनोरंजक गतिविधियों को शामिल किया जाएगा। इन गतिविधियों में कैनोपी ब्रिज, प्लैंक ब्रिज, जिप लाइन, नेट टनल, कैट वॉक, बर्मा लूप, लॉग-टू-लॉग ब्रिज, स्काई साइकिल, नेट बकेट तथा टायर क्रॉसिंग जैसी साहसिक गतिविधियां प्रस्तावित हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी गतिविधियों का निर्माण उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि पर्यटकों को सुरक्षित एवं रोमांचक अनुभव प्राप्त हो सके। सुरक्षा की दृष्टि से जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा नेट लगाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने शीघ्र 3-डी लेआउट तैयार कर प्रस्तुत करने तथा परियोजना का विस्तृत ओरिएंटेशन देने के भी निर्देश दिए, जिससे कार्यों का क्रियान्वयन प्रभावी ढंग से किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस एडवेंचर पार्क के विकसित होने से न केवल लैंसडाउन क्षेत्र में पर्यटन को नयी पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। साथ ही पार्क में मूलभूत सुविधाओं जैसे स्वच्छता, पेयजल, विश्राम स्थल, प्रकाश व्यवस्था तथा समुचित सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि लैंसडाउन क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है और एडवेंचर पार्क के विकसित होने से यहां पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे जनपद की पर्यटन छवि और अधिक सुदृढ़ होगी। इस पहल पर होटल एसोसिएशन के सदस्यों ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के पर्यटन व्यवसाय के लिए मील का पत्थर साबित होगी। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार विद्यानंद सेमवाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, अधिशासी अभियंता (लघु सिंचाई) मुकेश दत्त सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं होटल एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कसी कमर

Thu Apr 16 , 2026
चमोली। चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए इस बार शासन और स्वास्थ्य विभाग का मुख्य फोकस तीर्थयात्रियों के स्वास्थ्य पर केंद्रित है। यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सेहत की पल-पल निगरानी के लिए विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं, जिसके तहत जगह-जगह आधुनिक स्क्रीनिंग प्वाइंट्स […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!