नगाणगांव में श्रीमद्भागवत कथा का दिव्य आयोजन, आयुष कृष्ण नयन महाराज के प्रवचनों से श्रद्धालु भावविभोर

बड़कोट: तहसील बड़कोट के नगाण गांव में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के दूसरे दिन भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रसिद्ध बाल कथाकार पं. आयुष कृष्ण नयन महाराज के ओजस्वी और भावपूर्ण प्रवचनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का आयोजन भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान की स्वर्गीय पत्नी उमा चौहान की स्मृति में किया जा रहा है। कथा का शुभारंभ मंगलाचरण और गढ़वाली भजन “यमुना क किनारू, बड़ भागवानु तैं मिलदू…” से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कथा व्यास ने अपने प्रवचनों में यमुना तट की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि जहां यमुना का पावन प्रवाह होता है, वहां स्वतः ही भक्ति, प्रेम और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने श्रीमद्भागवत महापुराण के दशम स्कंध का उल्लेख करते हुए श्रीकृष्ण की लीलाओं और यमुना की दिव्यता को विस्तार से समझाया। साथ ही गंगा माता को “ज्ञानदायिनी” बताते हुए उनके आध्यात्मिक महत्व पर भी प्रकाश डाला।

प्रवचन के दौरान महर्षि जमदग्नि की तपोभूमि और भगवान परशुराम के जन्म प्रसंग का भी भावपूर्ण वर्णन किया गया। महाराज जी ने बताया कि यह पवित्र भूमि आस्था, इतिहास और संस्कृति का अनूठा संगम है, जिसने सदियों से धर्म और श्रद्धा को जीवंत रखा है।

कथा स्थल पर नगाण गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे क्षेत्र में भक्ति रस की गूंज सुनाई दी और श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। आयोजन के दौरान प्रतिदिन विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जा रहा है।

आयोजक मनवीर सिंह चौहान एवं समस्त ग्रामवासियों ने अधिक से अधिक लोगों से कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ लेने की अपील की है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम का मिजाज, उत्तर भारत को भीषण गर्मी से राहत के संकेत

Tue Apr 28 , 2026
नई दिल्ली/देहरादून: पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे उत्तर भारत के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!