मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन में पौड़ी के 12 विद्यार्थी करेंगे संवाद

पौड़ी : उत्तराखण्ड के विकास को लेकर युवाओं की सोच, सुझाव और भविष्य के विजन को सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत जनपद पौड़ी के छह विधानसभा क्षेत्रों से कक्षा 11वीं एवं 12वीं के 12 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय संवाद के लिए किया गया है। चयनित विद्यार्थी आगामी 18 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ संवाद कर अपने विचार साझा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने 10 अगस्त, 2026 को कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए प्रदेश के विद्यार्थियों से “मेरा सपनों का उत्तराखण्ड, एक विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण” विषय पर निबंध के माध्यम से अपने विचार और सुझाव देने का आह्वान किया था। इस पहल को विद्यार्थियों ने व्यापक रूप से अपनाया और प्रदेशभर के 2,87,744 विद्यार्थियों ने निबंध के माध्यम से उत्तराखण्ड के विकास को लेकर अपने विचार सरकार तक पहुंचाए। इनमें से चयनित 140 विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री के साथ संवाद का अवसर मिलेगा।

जनपद पौड़ी से चयनित विद्यार्थियों में राजकीय इंटर कॉलेज द्वारीखाल की अनुष्का नेगी, जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर की आकांक्षा, राजकीय इंटर कॉलेज पुरियाडांग की सोनाक्षी, सेंट थॉमस स्कूल पौड़ी की श्रीतिका रावत, राजकीय इंटर कॉलेज कठुली की शीतल, सरस्वती विद्या मंदिर श्रीकोट गंगानाली श्रीनगर की अनुष्का, जनता इंटर कॉलेज कमलपुर की साक्षी पोखरियाल, राजकीय इंटर कॉलेज मैटाकुण्ड की दिव्या, आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडाउन के आदित्य भारद्वाज एवं सृष्टि मैन्दोला, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज लालपुर की याशिका तथा हैप्पी होम स्कूल कोटद्वार के श्रीम अग्रवाल शामिल हैं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी भी संवाद करेंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, वन एवं पर्यावरण, स्वरोजगार, पलायन, लोक निर्माण, आईटी, पर्यटन तथा महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विषयों पर युवाओं के सुझाव लिए जाएंगे। विद्यार्थियों द्वारा दिए गए विचारों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि युवाओं की सोच और अपेक्षाओं को राज्य के विकास की दिशा से जोड़ा जा सके।

मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना तथा जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट ने जनपद से चयनित विद्यार्थियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें राज्य स्तरीय संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग के लिए शुभकामनाएं दीं।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडौन के दो विद्यार्थियों का चयन

Wed Sep 16 , 2026
लैंसडौन : आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडौन के लिए यह हर्ष एवं गौरव का विषय है कि विद्यालय के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के अंतर्गत लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र से राज्य स्तरीय सहभागिता के लिए चयन हुआ है। यह कार्यक्रम 10 से 24 अगस्त 2026 तक आयोजित […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!