देवग्राम के आपदा प्रभावित 27 परिवारों का होगा पुनर्वास

-1.21 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा

गोपेश्वर (चमोली)। ज्योतिर्मठ तहसील के देवग्राम के 27 परिवारों के सुरक्षित विस्थापन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय पुनर्वास समिति की बैठक में विस्थापन प्रस्ताव को शासन को भेजने पर सहमति बनी।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि 27 परिवारों के विस्थापन के लिए एक करोड़ 21 लाख 25 हजार रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसमें प्रभावित परिवारों के भवन निर्माण, पशुओं के लिए गौशाला, विस्थापन भत्ता और पुनर्वास स्थल पर ग्रामीण काश्तकारों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए सहायता समेत अन्य मद शामिल हैं। देवग्राम की स्थिति को लेकर इससे पहले दो बार भू-वैज्ञानिक जांच भी कराई जा चुकी है। तहसील स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने के साथ विस्थापन से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई हैं।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव से जुड़े सभी अभिलेख और औपचारिकताएं जल्द पूरी कर शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के सुरक्षित और व्यवस्थित पुनर्वास को प्राथमिकता दी जाए।

इस दौरान एसडीएम ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

रिश्वत मामले में डीएम का कड़ा रूख, तीन सदस्यीय जांच समिति बैठाई

Fri Aug 14 , 2026
-भू रिकार्ड रूम के कर्मचारियों पर लगा रिश्वतखोरी का आरोप गोपेश्वर (चमोली)।  जिला कार्यालय के भू रिकार्ड सेक्शन में कर्मचारियों के द्वारा रिश्वत लेने के आरोपों की जांच को लेकर जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन कर लिया है। बतातें चले कि सोशल मीडिया में प्रसारित एक वीडियो […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!