अवैध निर्माणकर्ताओं पर शिकंजा कसने मैदान में उतरे एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, पछवादून क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण, नियम विरुद्ध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

देहरादून : मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों एवं अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्राधिकरण द्वारा विभिन्न सेक्टरों में प्राप्त शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में अवैध निर्माण गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के उद्देश्य से उपाध्यक्ष एमडीडीए के नेतृत्व में क्षेत्रवार निरीक्षण एवं कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन अभियानों के माध्यम से न केवल अवैध निर्माणों की पहचान की जा रही है, बल्कि स्वीकृत मानचित्रों के अनुरूप निर्माण कार्यों की भी नियमित निगरानी की जा रही है, जिससे सुनियोजित एवं नियमानुसार विकास को बढ़ावा मिल सके।

प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत प्राप्त अवैध निर्माणों, अवैध प्लॉटिंग एवं अन्य विकास संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु उपाध्यक्ष मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण की अध्यक्षता में क्षेत्रीय कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज उपाध्यक्ष द्वारा पछवादून क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में संचालित निर्माण गतिविधियों, अवैध निर्माणों एवं प्लॉटिंग से संबंधित शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी द्वारा संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र में प्राप्त शिकायतों, उन पर की गई कार्रवाई तथा लंबित मामलों की जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही स्वीकृत निर्माणाधीन भवनों एवं प्लॉटिंग परियोजनाओं के मानचित्रों का भी परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि जिन भवनों के मानचित्र स्वीकृत हैं, उनमें निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही किया जा रहा है अथवा नहीं। प्रत्येक निर्माण स्थल का गहनता से निरीक्षण कर नियमों के अनुपालन की समीक्षा की गई।

जहां कहीं भी निर्माण गतिविधियां विकास प्राधिकरण के नियमों एवं स्वीकृत मानचित्रों के विपरीत पाई गईं, वहां संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण एवं अवैध प्लॉटिंग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उक्त निरीक्षण एवं कार्रवाई के दौरान सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, क्षेत्रीय सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, अवर अभियंता सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का कहना है कि हमारा उद्देश्य केवल अवैध निर्माणों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि सुनियोजित एवं व्यवस्थित शहरी विकास को सुनिश्चित करना भी है। प्राधिकरण क्षेत्र में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण किया जा रहा है। आज पछवादून क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान निर्माण गतिविधियों एवं स्वीकृत मानचित्रों की स्थिति का विस्तृत अवलोकन किया गया। जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां बिना किसी भेदभाव के नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आमजन से भी अपील है कि किसी भी निर्माण कार्य से पूर्व आवश्यक स्वीकृतियां अवश्य प्राप्त करें तथा विकास प्राधिकरण के नियमों का पालन करें।

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया का कहना है कि प्राधिकरण द्वारा अवैध निर्माण एवं अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्माण गतिविधियों की सतत निगरानी करें तथा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

प्रसव के दौरान गर्भवती महिला की मौत, छह घंटे बाद रेफर करने का आरोप

Tue Jun 30 , 2026
चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली क्षेत्र से स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। प्रसव पीड़ा के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली में भर्ती कराई गई 32 वर्षीय गर्भवती महिला की रेफर किए जाने के दौरान एंबुलेंस में ही मौत हो गई। […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!