ब्रह्मकपाल में पिंडदान के साथ पितृ पक्ष संपन्न

गोपेश्वर (चमोली)। सर्वपितृ अमावस्या पर शनिवार को बदरीनाथ धाम के ब्रह्मकपाल तीर्थ में हजारों श्रद्धालुओं ने पिंडदान और तर्पण किया। अलकनंदा तट पर स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पितरों का श्राद्ध कर उनकी आत्मशांति और मुक्ति की कामना की। तीर्थ पुरोहितों ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। इसके साथ ही पितृ पक्ष का समापन हो गया। इस दौरान पौने दो लाख श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ धाम में दर्शन किए।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि नौ अक्टूबर तक बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में 36,50,112 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें बदरीनाथ में 19,57,224 और केदारनाथ में 16,92,888 श्रद्धालु शामिल हैं। हेमकुंड साहिब सहित चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों की संख्या 56 लाख पहुंच गई है। दोनों धामों के लिए अब तक 45,19,544 पंजीकरण हुए हैं। इनमें बदरीनाथ के लिए 21,75,347 और केदारनाथ के लिए 23,44,197 पंजीकरण शामिल हैं। हेमकुंड साहिब सहित चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण का आंकड़ा 71 लाख पहुंच गया है।

रविवार से शारदीय नवरात्र शुरू होंगे। इस अवसर पर बदरीनाथ मंदिर परिसर में घटस्थापना की जाएगी। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने श्रद्धालुओं को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद और सुरक्षित यात्रा की कामना की।

इस दौरान बीकेटीसी सदस्य धीरज पंचभैया मोनू, बदरीनाथ धाम के प्रभारी अधिकारी राजन नैथानी, प्रोटोकॉल अधिकारी राकेश सेमवाल, धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल, मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ समेत मंदिर समिति के अधिकारी, कर्मचारी और तीर्थ पुरोहित मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

एलटी शिक्षकों ने डायट गौचर में पांच दिन सीखे शिक्षण के नए गुर

Sat Oct 10 , 2026
गोपेश्वर (चमोली)। विद्यालयों में कार्यभार संभालने से पहले नवनियुक्त एलटी ग्रेड शिक्षकों को शिक्षण पद्धतियों, कक्षा प्रबंधन और विद्यार्थियों के आकलन की जानकारी दी गई। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में आयोजित पांच दिवसीय प्रेरण अभिमुखीकरण प्रशिक्षण प्रमाणपत्र वितरण के साथ संपन्न हो गया। समापन समारोह में मुख्य शिक्षा […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!