राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस ने ली शपथ, एसपी समेत तीन पुलिसकर्मी सम्मानित

गोपेश्वर (चमोली)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को चमोली पुलिस ने पुलिस लाइन गोपेश्वर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया। पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेन्द्र गुंज्याल की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुलिस अधीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक की प्रशस्ति डिस्क और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

डीआईजी धीरेन्द्र गुंज्याल ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता का अर्थ केवल भौगोलिक अखंडता बनाए रखना नहीं है, बल्कि विविधताओं का सम्मान, सामाजिक सद्भाव, आपसी विश्वास और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता भी है।

समारोह में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार को डीजीपी प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर), उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह को प्रशस्ति डिस्क (गोल्ड) और मुख्य आरक्षी चंदन सिंह नगरकोटी को प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर) प्रदान की गई। इसके बाद डीआईजी ने पुलिस लाइन, आवासीय परिसर और पुलिस कार्यालय का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आधारभूत सुविधाओं और संसाधनों को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित सम्मेलन में उन्होंने पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पुलिस सेवा गौरव और आत्मसम्मान का विषय है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को पूरी निष्ठा और समर्पण से अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। पुलिस की जिम्मेदारी कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ देश की आंतरिक सुरक्षा और आमजन का विश्वास कायम रखना भी है।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट समेत जनपद के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई : धौरण और सहस्त्रधारा रोड पर अवैध निर्माण सील

Mon Nov 2 , 2026
देहरादून। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धौरण रोड और सहस्त्रधारा रोड पर कई निर्माणों को सील कर दिया। शनिवार को हुई इस कार्रवाई में स्वीकृत मानचित्रों से छेड़छाड़ कर भवन निर्माण करने और बिना अनुमति दुकानें बनाने के मामले सामने आए। एमडीडीए […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!