17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, विकसित भारत 2047 से जुड़ेंगे उत्तराखंड के नागरिक

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में प्रेस वार्ता कर प्रदेश में आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे प्रदेश में यह अभियान चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार को केंद्र में रखते हुए प्रदेश के नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ना है। अभियान के तहत विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, लाभार्थियों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के तहत राज्य में 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव और लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को भी जनता के सामने रखा जाएगा।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत सरकारी योजना केंद्रों, गैस वितरण केंद्रों, राशन की दुकानों, धार्मिक स्थलों और गंगा तट सहित विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन और सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नए मेडिकल कॉलेज, बांध, पुल, अमृत सरोवर और जन औषधि केंद्र जैसे स्थलों को भी कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा।

वहीं ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’ के तहत स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ के माध्यम से विद्यालयों में देश की उपलब्धियों पर आधारित नाटकों का मंचन किया जाएगा।

‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों, अभिभावकों, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसमें मातृ-बाल स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी जानकारी पर विशेष जोर रहेगा।

इसके साथ ही ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा : मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु’, ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ और ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों को वृक्षारोपण, स्वच्छता, शिक्षण और अन्य समाजोपयोगी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत वास्तविक जीवन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नवाचार को बढ़ावा दिया जाएगा। IITs, IIMs और विशेषज्ञों को ज्यूरी व मेंटर के रूप में जोड़ने की योजना है।

वहीं ‘सुशासन सेवा संवाद’ के तहत जनप्रतिनिधियों के साथ सेवा और सुशासन के विषय पर व्यापक संवाद किया जाएगा। अभियान से जुड़े कार्यक्रमों, फोटो, वीडियो और लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को मीडिया के माध्यम से भी व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और उन्होंने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में प्रत्येक देशवासी की महत्वपूर्ण भूमिका है और इसमें युवाओं की भागीदारी सबसे अहम होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को हर जिले में व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्री भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनसमर्थन के साथ उत्तराखंड को विकास की नई दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, राम सिंह कैड़ा और महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी भी मौजूद रहे।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

एसआईआर कार्य में तेजी के साथ निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करें – डीएम

Mon Sep 14 , 2026
देहरादून : जनपद देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम अंतिम चरण में है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद देहरादून में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को समीक्षा की। कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!