पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम 2026: रुझानों में भाजपा को बढ़त, भवानीपुर सीट पर नजरें टिकीं

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की 294 में से 293 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना आज सुबह 8 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। राज्यभर के 77 मतगणना केंद्रों पर जारी गिनती के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बढ़त बनाती दिख रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) भी कई सीटों पर मुकाबले में बनी हुई है।

सुबह 9:30 बजे तक मिले रुझानों के अनुसार भाजपा लगभग 145 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि टीएमसी करीब 100 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। हालांकि, ये केवल शुरुआती संकेत हैं और अंतिम परिणाम आने में अभी समय है।

सबसे ज्यादा नजरें कोलकाता की भवानीपुर सीट पर टिकी हुई हैं, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शुरुआती रुझानों में पीछे चल रही हैं। वहीं, भाजपा के नेता सुवेंदु अधिकारी के साथ उनका सीधा मुकाबला इस सीट को बेहद अहम बना रहा है।

भाजपा के राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा ने दावा किया है कि उनकी पार्टी स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। दूसरी ओर, टीएमसी खेमे में शुरुआती रुझानों को लेकर सतर्कता बनी हुई है।

मतगणना की प्रक्रिया पहले पोस्टल बैलेट से शुरू हुई, जिसके बाद ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू कर दी गई। कुछ क्षेत्रों, खासकर सिलीगुड़ी में तकनीकी कारणों से गिनती में थोड़ी देरी की खबर भी सामने आई है।

चुनाव आयोग ने मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। केंद्रीय बलों की 700 कंपनियों के साथ स्थानीय पुलिस की तैनाती की गई है। केंद्रों पर मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह रोक है और प्रवेश केवल क्यूआर कोड आधारित पहचान पत्र के जरिए ही दिया जा रहा है।

इस चुनाव में कुल 2,917 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है। राज्य में इस बार 92 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया, जिसे विश्लेषक निर्णायक मान रहे हैं। खासतौर पर महिला मतदाताओं की भागीदारी को चुनाव परिणामों में अहम कारक माना जा रहा है।

अब सभी की निगाहें दोपहर तक आने वाले स्पष्ट रुझानों और अंतिम नतीजों पर टिकी हैं, जो तय करेंगे कि पश्चिम बंगाल में सत्ता की कमान किसके हाथों में जाएगी।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 : रुझानों में विजय की टीवीके सबसे आगे, डीएमके पिछड़ी

Tue May 5 , 2026
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों ने राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर संकेत दिया है। अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने अप्रत्याशित प्रदर्शन करते हुए सबसे बड़ी पार्टी के रूप में बढ़त बना ली है। 234 सीटों वाली विधानसभा में सुबह के […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!