बागेश्वर में स्कूल जाते समय प्रधानाचार्य की चाकू से गोदकर हत्या, कलर्क पर आरोप, पुलिस तलाश में जुटी

बागेश्वर। जिले में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात में राजकीय इंटर कॉलेज भटकोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब वह रोज की तरह विद्यालय जा रहे थे। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस ने हत्या के आरोपी विद्यालय के बाबू नवल किशोर की तलाश तेज कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सैंज निवासी 55 वर्षीय प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा शनिवार सुबह अपनी कार से मुख्य सड़क तक पहुंचे और वहां से पैदल विद्यालय की ओर जा रहे थे। आरोप है कि विद्यालय का बाबू नवल किशोर पहले से रास्ते में घात लगाकर बैठा था। जैसे ही प्रधानाचार्य वहां पहुंचे, आरोपी ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को स्थानीय लोग और परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी बागेश्वर मनीष शर्मा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। संभावित कारणों और आरोपी व मृतक के बीच किसी विवाद सहित सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

प्रधानाचार्य की हत्या की खबर फैलते ही जिला अस्पताल में शिक्षकों, स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि विद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई है। शिक्षक संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई और शिक्षा संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भारत में जल्द आएंगे प्लास्टिक के नोट, पहले चरण में 10 और 20 रुपये के पॉलीमर नोट होंगे जारी

Sat Jul 18 , 2026
नई दिल्ली। भारत में जल्द ही पॉलीमर (प्लास्टिक) के नोटों का चलन शुरू हो सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने पहले चरण में 10 और 20 रुपये के पॉलीमर नोट बाजार में उतारने की तैयारी शुरू कर दी है। यदि शुरुआती चरण सफल रहता है तो बाद में अन्य […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!