टनल हादसाः एक और श्रमिक का शव बरामद, दो की तलाश जारी

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद लापता श्रमिकों की तलाश में जारी रेस्क्यू अभियान के दौरान एक और श्रमिक को टनल से बाहर निकाला गया। जिला अस्पताल गोपेश्वर में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान देवनाथ पुत्र धनसुराम बघेल, निवासी दहीकोंगा, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। टनल हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।

गौरतलब है कि बीते 13 अगस्त को टीएचडीसी की टनल में भू-धंसाव और मलवा से 22 में श्रमिक अंदर फंस गए थे। इनमें से 19 को पूर्व में ही रेस्क्यू कर बाहर निकाल दिया गया था। 19 में से 12 घायल और सात शवों को निकाला गया था जबकि तीन लापता चल रहे थे। हादसे के बाद से एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं। अब दो अन्य लापता श्रमिकों की तलाश की जा रही है।

लापता मजदूरों की खोज के लिए रेस्क्यू टीमों की ओर से टनल के भीतर संभावित स्थानों पर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। टनल में जमा पानी की निकासी का काम भी तेजी से जारी है। इसके लिए सक्शन पंपों समेत अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद ली जा रही है। पानी का स्तर कम होने के साथ ही रेस्क्यू टीमों को टनल के अंदर आगे बढ़ने और संभावित स्थानों तक पहुंचने में मदद मिल रही है। इसी दौरान शनिवार को रेस्क्यू टीम को एक और मजदूर का बाहर निकाल कर अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अभियान में जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय से काम कर रही हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन की लगातार निगरानी की जा रही है और अभियान को गति देने के लिए मौके पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। दो लापता श्रमिकों की तलाश को प्राथमिकता देते हुए टनल के सभी संभावित हिस्सों में खोज अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू टीमों का कहना है कि लापता श्रमिकों तक पहुंचने के लिए हरसंभव प्रयास जारी हैं।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

चमोली में धूमधाम से बनाया स्वतंत्रता दिवस, शहीदों को किया याद

Sat Aug 15 , 2026
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। जिले के सभी शिक्षण संस्थानों के स्कूली बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर प्रातः प्रभात फेरी निकाली। इसके बाद स्कूलों, सरकारी संस्थानों और अद्र्वसरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण किया गया। चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!